नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026
पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने ख्याला इलाके में चल रहे अवैध जुए के अड्डे पर छापा मारकर सात जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। मौके से 18,060 रुपये की नकदी, सट्टा पर्चियां और 33 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई है।
हरेश्वर वी स्वामी, डीसीपी वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि एनडब्ल्यू-1, विष्णु गार्डन, ख्याला में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में स्पेशल स्टाफ की टीम ने उक्त स्थान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान सात लोग जुआ खेलते हुए पाए गए, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी में 18,060 रुपये की कथित दांव की रकम और सट्टा पर्चियां बरामद हुईं। इसके अलावा मौके से 33 क्वार्टर अवैध शराब भी मिली।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मकान शोभा पत्नी बृजपाल का है, जो मौके पर नहीं मिली। शोभा थाना ख्याला की बीसी (Bad Character) है और उसके खिलाफ पहले से 26 मामले दर्ज हैं।
पकड़े गए सभी आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना ख्याला पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान –
- संदीप, निवासी नंद नगरी, दिल्ली, उम्र 37 वर्ष
- अरुण कुमार, निवासी ख्याला, दिल्ली, उम्र 53 वर्ष
- मदन लाल, निवासी कोटला मुबारकपुर, दिल्ली, उम्र 38 वर्ष
- नीरज, निवासी रघुबीर नगर, दिल्ली, उम्र 18 वर्ष
- मुख्तार सिंह, निवासी ख्याला, दिल्ली, उम्र 40 वर्ष
- किशन, निवासी ख्याला, दिल्ली, उम्र 45 वर्ष
- बिट्टू कुमार, निवासी विष्णु गार्डन, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष
आरोपियों के पास से 18,060 रुपये दांव की रकम , सट्टा पर्चियां और 33 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई है।
मामले में आगे की जांच जारी है।