दिल्ली के द्वारका में फायरिंग मामले में 4 बदमाश गिरफ्तार, 2 पिस्टल बरामद

नई दिल्ली, 20 सितम्बर। द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने हत्या के प्रयास और फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 2 अत्याधुनिक पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार 12 सितम्बर को रावता मोड़, दाबड़ एन्क्लेव, जाफरपुर कलां इलाके में सुमित उर्फ मोनू (34) पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि साहिल उर्फ छोटे और राहुल डागर उर्फ काला ने अपने दो साथियों यश उर्फ सोनू और जतिन उर्फ लाला को बुलाकर सुमित पर लाठी-डंडों से हमला किया और कई राउंड फायरिंग की। बीच-बचाव करने आई शिकायतकर्ता की पत्नी निशा के साथ भी मारपीट की गई। इस संबंध में थाना जाफरपुर कलां में FIR No. 84/2026 धारा 115(2)/126(2)/109(1)/3(5) BNS व 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए DCP द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर ACP ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में छापेमारी की।

16 सितम्बर को हेड कांस्टेबल कुलदीप को आरोपियों के मित्राऊं गांव के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। मौके पर थाना जाफरपुर कलां की टीम भी पहुंची।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे रावता मोड़ पर शराब पी रहे थे, तभी जतिन को सुमित का गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भरा वॉयस मैसेज मिला। इसके बाद वे राहुल के घर से हथियार लेकर सुमित के घर गए और फायरिंग की।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल डागर उर्फ काला (28) निवासी समसपुर – 5 आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहा है। दूसरा सोनू उर्फ यश (19) निवासी समसपुर का रहने वाला है, इस पर 1 मामला पहले दर्ज है। तीसरा सनी उर्फ जतिन उर्फ लाला (26) निवासी समसपुर का ही रहने वाला है। चौथा साहिल उर्फ छोटे (24) भी निवासी समसपुर का हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *