नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट जिले के थाना दयालपुर पुलिस ने फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों मयंक शर्मा (22) और दीपांशु शर्मा उर्फ भूरा (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
16 जुलाई रात करीब 8 बजे दयालपुर थाने में नेहरू विहार में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन न तो कोई घायल मिला और न ही कोई सबूत। पुलिस ने तकनीकी जांच जारी रखी तो घायल निखिल निवासी लोनी, गाजियाबाद का पता चला।
पीड़ित ने बताया कि वह पैसों के लेन-देन के विवाद को सुलझाने के लिए अपने साथियों के साथ दीपांशु उर्फ भूरा के ऑफिस गया था। कहासुनी के दौरान दीपांशु के दोस्त मयंक शर्मा ने पहली मंजिल से पिस्टल से फायर किया। गोली सड़क से टकराकर उछली और निखिल को लग गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पीसीआर पर झूठी कॉल भी की थी।
इस पर थाना दयालपुर में FIR No. 338/2026, धारा 109(1)/3(5) BNS व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसीपी गोकुलपुरी दीपक चंद्रा की देखरेख में इंस्पेक्टर धीरज कुमार, SHO दयालपुर के नेतृत्व में SI राजवीर सिंह, HC अशोक, जोगिंदर, अमित, गुलफाम और संदीप की टीम ने कई जगह छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। फिलहाल आगे जांच जारी है।