दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2.5 किलो हेरोइन समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 8 अगस्त। दिल्ली क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-I ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-NCR में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने 2 नाइजीरियाई, 1 घाना समेत 5 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोरिस ओकाली (52 वर्ष), इबेगबु चिगोजी सैमुअल (50 वर्ष) दोनों नाइजीरियाई, एमैनुएल (38 वर्ष) घाना निवासी, समीर उर्फ नन्हे (28 वर्ष) और एक महिला निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद (36 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 2.554 किलोग्राम हेरोइन और 881 ग्राम MDMA बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। साथ ही 11 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि आरोपी मोरिस शाहदरा में ड्रग्स की बड़ी खेप देने आ रहा है। 19/20 जुलाई की रात घेराबंदी कर उसे दबोचा गया तो उसके बैग से 2.004 किलो हेरोइन और 863 ग्राम MDMA मिली। उसकी निशानदेही पर बाकी 4 आरोपियों को चंदर विहार, निलोठी, पश्चिम विहार और शालीमार गार्डन से पकड़ा गया।

डीसीपी क्राइम संजीव कुमार यादव ने बताया कि सभी आरोपी दिल्ली-NCR में थोक और खुदरा स्तर पर ड्रग्स सप्लाई करते थे। दो भारतीय आरोपियों समीर और महिला का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। FIR No. 191/2026 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *