नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हत्या और लूट के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे फरलो जंपर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फरलो अवधि समाप्त होने के बाद जेल में आत्मसमर्पण न कर फरार हो गया था।
गौरव गुप्ता, डीसीपी, ANTF, क्राइम ब्रांच ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर 20.06.2026 को ACP/ANTF श्री राजेश शर्मा के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर राकेश दुहान के नेतृत्व में SI कृष्ण कुमार, ASI राजेंद्र कुमार और HC भूपेंद्र की टीम ने बाहरी दिल्ली क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी राकेश (50 वर्ष), पुत्र ओम प्रकाश, निवासी अमर कॉलोनी, नांगलोई, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को महानिदेशक (जेल) के आदेश पर 30 अप्रैल 2026 को दो सप्ताह की फरलो पर रिहा किया गया था। उसे 15 मई 2026 को सेंट्रल जेल नंबर-14, मंडोली में सरेंडर करना था, लेकिन वह फरार हो गया। 01.06.2026 को सेंट्रल जेल नंबर-14, मंडोली के अधीक्षक द्वारा वायरलेस संदेश के जरिए उसके जेल से गैरहाजिर होने की सूचना दी गई थी।
28.02.2002 को आरोपी राकेश ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर आनंद पर्वत, दिल्ली में मिलिट्री रोड के पास सत्य नारायण मंदिर के सामने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पीड़ित से 25 लाख रुपये नकद और सेंट्रो कार लूट ली थी। वारदात के दौरान राकेश ने पीड़ित की गर्दन में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस संबंध में थाना आनंद पर्वत में FIR संख्या 62/2002, धारा 302/394/397/34 IPC व 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। 12.12.2012 को माननीय ASJ, तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली सुश्री कावेरी बावेजा की अदालत ने राकेश को हत्या और लूट का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 15,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी राकेश थाना नांगलोई का घोषित BC और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना नांगलोई, केशवपुरम, उत्तम नगर और आनंद पर्वत में केस दर्ज हैं।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार कैदी को संबंधित जेल अधिकारियों को सौंप दिया गया है। उसे अब कानून के अनुसार सेंट्रल जेल नंबर-14, मंडोली में रखा जाएगा।
यह सफल गिरफ्तारी फरार कैदियों और अपराधियों को तुरंत ट्रेस कर कानून के दायरे में लाने के दिल्ली पुलिस के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। यह अभियान स्पेशल CP/क्राइम श्री HGS धालीवाल, JT. CP/ANTF श्री धीरज कुमार और एडिशनल CP, ANTF, क्राइम अभिषेक धानिया के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है।