नई दिल्ली। द्वारका जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6,250 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई है।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, IPS द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम!” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा मार्का शराब की बड़ी खेप टेम्पो से दिल्ली लाई जा रही है।
सूचना पर AATS प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एसीपी ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की देखरेख में टीम गठित की गई। टीम ने 10/11 जुलाई की रात धूल सिरस चौक, बामडोली रोड पर जाल बिछाकर टेम्पो को रोका। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी की पहचान रविंदर कुमार (31 वर्ष) पुत्र छत्तर, निवासी गन्नौर, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। टेम्पो की तलाशी में 125 पेटियों में रखे 6,250 क्वार्टर (लगभग 1,125 लीटर) देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिस पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” लिखा था।
इनके पास से Falcon देसी – 90 पेटी (4,500 क्वार्टर) , . Race 7 Metro IMFL – 15 पेटी (750 क्वार्टर) , . Night Blue IMFL – 20 पेटी (1,000 क्वार्टर) बरामद हुए हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-23 द्वारका में FIR No. 181/26 आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58(D) के तहत मामला दर्ज कर टेम्पो को जब्त कर लिया गया है। आरोपी पहले भी आबकारी मामले में शामिल रहा है। पुलिस नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।