द्वारका पुलिस के स्पेशल स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, ‘नो गन्स-नो गैंग्स’ अभियान के तहत कामयाबी।
नई दिल्ली, 30 जून। द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के सहयोगी सोनू उर्फ साहिल चौधरी और उसके मददगार शिवेंद्र उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और पीतमपुरा से चोरी की गई स्कोडा कार बरामद की है।
डीसीपी कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चल रहे ‘नो गन्स-नो गैंग्स’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि आदतन अपराधी साहिल फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की कार में डाबरी इलाके में घूम रहा है। टीम ने केशो राम पार्क, बिंदापुर से उसे अवैध हथियारों के साथ धर दबोचा।
12 और 29 केसों में वांछित थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय सोनू चौधरी उर्फ साहिल उत्तम नगर का रहने वाला है। उस पर हत्या के प्रयास, कार जैकिंग के लिए अपहरण, डकैती और चोरी के 12 मामले दर्ज हैं। 2023 में वह नंदू गैंग के गुर्गे विक्की उर्फ संन्यासी के संपर्क में आया और पालम में प्लॉट हड़पने के लिए एक महिला पर फायरिंग की थी। जेल से छूटने के बाद फिर अपराध में जुट गया। उसने स्कोडा कार जेल में मिले दोस्त से ली थी और उत्तराखंड की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहा था।
दूसरा आरोपी 35 वर्षीय शिवेंद्र उर्फ हंस उर्फ जैकी संत नगर का निवासी है। यह थाना सब्जी मंडी का सूचीबद्ध बीसी है और 29 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। हाल ही में जेल से छूटा था। उसी ने साहिल को हथियार और चोरी की स्कोडा कार मुहैया कराई थी। पुलिस ने बुराड़ी में छापा मारकर उसे भी पिस्तौल और कारतूस के साथ पकड़ा।
चोरी की कार से कर रहा था रेकी
जांच में पता चला कि बरामद स्कोडा कार DL10CRXXXX थाना मौर्या एन्क्लेव, पीतमपुरा से चोरी हुई थी। आरोपी साहिल ने पूछताछ में बताया कि वह आसान पैसे के लिए कार चोरी करता था।
थाना डाबरी में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि ‘नो गन्स-नो गैंग्स’ मिशन के तहत अवैध हथियारों और गैंगस्टरों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। आगे की जांच जारी है।