पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. इस मामले में बंगाल पुलिस की STF ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों में हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिहार और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तारी हुई है. पश्चिम बंगाल पुलिस प्रेस नोट जारी कर पूरे केस का खुलासा कुछ देर में करेगी. मालूम हो कि शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात 24 परगना जिले में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार शुभेंदु अधिकारी के PA पर हुई गोलीबारी के मामले में पश्चिम बंगाल STF ने बिहार के बक्सर जिले से विशाल श्रीवास्तव नामक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है.विशाल श्रीवास्तव को बिहार पुलिस के सहयोग से बक्सर के मुफ़स्सिल पुलिस स्टेशन से हिरासत में लिया गया। विशाल श्रीवास्तव को बक्सर के पांडे पट्टी गांव से पकड़ा गया।विशाल श्रीवास्तव पर 15 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, लूट और डकैती के मामले भी शामिल हैं. विशाल श्रीवास्तव बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ रथ की हत्या के मामले में भी एक संदिग्ध था. ये छापे बिहार पुलिस, बक्सर पुलिस और बिहार STF के तालमेल से मारे गए थे. पश्चिम बंगाल STF, विशाल श्रीवास्तव को वापस कोलकाता ले गई है।
बाकी दो आरोपियों की पहचान राज सिंह और मयंक के रूप में हुई है. राज सिंह बलिया का रहने वाला है. हालांकि वह बक्सर में ही रहता था. वारदात के बाद राज सिंह अयोध्या में छिप कर रह रहा था. कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद राज सिंह को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार राज सिंह के बारे में यह पता चला है कि वह चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश में शामिल था. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि इन लोगों ने खुद गोलियां चलाई थी या किसी शूटर से चलवाई. फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस कुछ देर में पीसी कर बताएगी।
ज्ञात हो कि शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले के जांचकर्ताओं को हावड़ा के एक टोल प्लाजा पर कथित तौर पर हमलावरों द्वारा किए गए यूपीआई भुगतान के रूप में एक अहम सुराग मिला है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार हमले से कुछ ही समय पहले बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी और उसमें सवार लोगों ने यूपीआई के माध्यम से टोल का भुगतान किया था. उन्होंने कहा, ”यूपीआई भुगतान से जांचकर्ताओं को संदिग्धों में से एक से जुड़े मोबाइल नंबर की पहचान करने में मदद मिली. टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में वाहन और उसमें सवार लोगों की तस्वीरें भी रिकॉर्ड हुई हैं.”