पहाड़गंज के राजगुरु रोड की बदहाली, चूना मंडी की सड़क पर हादसों का साया

क्या फाइलों में बन गई सड़क? उद्घाटन के बाद भी नहीं हुआ निर्माण, पार्टीबाजी का खामियाजा भुगत रही पहाड़ गंज की जनता

नई दिल्ली, पहाड़गंज। राजधानी की हृदय स्थली कहे जाने वाले पहाड़गंज के राजगुरु रोड स्थित चूना मंडी की सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस सड़क पर चलना दूभर हो गया है। बारिश के बाद तो हालात और भी बदतर हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण के लिए कुछ समय पूर्व पहाड़गंज से निगम पार्षद मनीष चड्ढा द्वारा उद्घाटन किया गया था। वहीं करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विशेष रवि ने भी इस सड़क के निर्माण को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी थी कि अब जल्द ही सड़क बन जाएगी।

लेकिन हकीकत इसके उलट निकली। महीनों बीत जाने के बाद भी सड़क जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश में सड़क पर जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आए दिन गिरकर चोट लग रही है।

स्थानीय लोगों में भारी रोष है। एक निवासी ने कहा, “सड़क का उद्घाटन तो पोस्टर-होल्डिंग लगाकर हो गया, लगता है फाइलों में सड़क बनकर तैयार भी हो गई है। इसकी जांच होनी चाहिए।”

लोगों का आरोप है कि निगम में भाजपा के पार्षद और विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायक होने के कारण आपसी खींचतान का खामियाजा पहाड़गंज की जनता भुगत रही है।

अब सवाल यही है कि इस लावारिस सड़क की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा – क्षेत्र के विधायक या निगम पार्षद? जब तक इसका जवाब नहीं मिलता, चूना मंडी की जनता को इसी टूटी-फूटी सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ेगा। क्या इसलिए इन्हें वोट देकर पार्षद और विधायक बनाया गया था ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *