नई दिल्ली, 8 जुलाई 2026
दिल्ली से तड़ीपार हिस्ट्रीशीटर को नबी करीम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाहरी अपराधियों के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बीट स्टाफ ने कार्रवाई की।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक आरोपी आशु उर्फ चूचड़ी निवासी नबी करीम को 30 जून 2026 से छह महीने के लिए दिल्ली की सीमा से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद वह 7 जुलाई को अपने घर के पास घूमता मिला।
7 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे हेड कांस्टेबल हरिकेश मीणा और कांस्टेबल हरपाल पुरानी पुलिस चौकी, अशोका बस्ती इलाके में गश्त पर थे। तभी गुप्त सूचना मिली कि तड़ीपार बदमाश आशु अपने घर के पास मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि उसे बाहरी आदेश संख्या 301-302/एक्सटर्नमेंट सेल/सेंट्रल जिला दिनांक 27.03.2026 के तहत 30.06.2026 से छह महीने के लिए दिल्ली से बाहर किया गया था। आरोपी नबी करीम थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
आरोपी के खिलाफ थाना नबी करीम में डीडी नंबर 44-ए 07.जुलाई.2026 के तहत दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 53/116 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी बीट स्टाफ और डिवीजन अधिकारियों को तड़ीपार और सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत एसएचओ नबी करीम व एसीपी पहाड़गंज की देखरेख में हेड कांस्टेबल हरिकेश मीणा और कांस्टेबल हरपाल की टीम ने यह कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह तड़ीपार का आदेश तोड़कर दिल्ली में घुस आया था। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और इलाके में दोबारा अपराध करने के इरादे से आया था। आशु उर्फ चूचड़ी, नबी करीम, दिल्ली का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।