बाहरी-उत्तरी जिले में AHTU की बड़ी कार्रवाई, 2,101 किलो अवैध पटाखे जब्त, 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी जिले की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों और एक गोदाम से कुल 2,101 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 01 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हरियाणा से UER-II, बवाना के रास्ते दिल्ली में पटाखों की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना पर एडिशनल डीसीपी लोकेश्वरन आर, आईपीएस के निर्देशन और एसीपी श्याम सुंदर की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया।

टीम ने दो टाटा ऐस टेंपो को रोककर तलाशी ली तो उनमें से 1,350 किलो पटाखे बरामद हुए। दोनों चालकों अमित गुप्ता (42) और सुनील (42), निवासी बिंदापुर, उत्तम नगर को मौके पर पकड़ लिया गया।

पूछताछ और फॉलो-अप जांच में अलीपुर स्थित ZMH चौक, जीत फार्म हाउस के पास एक गोदाम का पता चला। वहां से गोदाम संचालक मनोज कुमार (34), निवासी तिलक नगर के कब्जे से 751 किलो पटाखे और बरामद किए गए।

इस संबंध में थाना NIA में FIR No. 549/26, धारा 223(b)/3(5) BNS व 9(b) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। दोनों वाहन जब्त कर लिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *