बीएसएफ वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया BWWA दिवस-2026

नई दिल्ली, 18 सितंबर। सीमा सुरक्षा बल वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (BWWA) ने आज निजामुद्दीन स्थित बीएसएफ परिसर में BWWA दिवस-2026 हर्षोल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि BWWA की अध्यक्ष श्रीमती रिचा झा रहीं। इस अवसर पर शहीद जवानों की लगभग 130 वीरांगनाएं और दिवंगत बीएसएफ कर्मियों के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को भावनात्मक गरिमा प्रदान की।

वीरांगनाओं और उपलब्धि हासिल करने वालों का सम्मान

समारोह में सभी वीरांगनाओं के साथ-साथ बीएसएफ कर्मियों के दो दिव्यांग बच्चों को उनके अदम्य साहस और जज्बे के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बीएसएफ की महिला पर्वतारोहण टीम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिसने हाल ही में माउंट एवरेस्ट फतह कर शिखर पर वंदे मातरम गाकर देश का मान बढ़ाया है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और बल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

‘प्रहरी संगिनी’ के 24वें अंक का विमोचन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण BWWA की पत्रिका ‘प्रहरी संगिनी’ के 24वें संस्करण का विमोचन रहा। इस पत्रिका में BWWA द्वारा बीएसएफ परिवार के कल्याण के लिए चलाई जा रही गतिविधियों और पहलों का विस्तृत उल्लेख है।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती रिचा झा ने वीरांगनाओं से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

उन्होंने वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम ‘पावर ऑफ शी’ (Power of SHE) का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष की सभी गतिविधियां इसी थीम पर आधारित हैं। उन्होंने बीएसएफ द्वारा अमर प्रहरियों के परिजनों तक पहुंचने और उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही विशेष पहलों की भी जानकारी दी।

श्रीमती झा ने बीएसएफ परिवारों, आश्रितों और दिव्यांग बच्चों के कल्याण के प्रति BWWA की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जो BWWA समुदाय की एकता और आपसी सौहार्द का प्रतीक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *