नई दिल्ली, 26 जुलाई। मध्य जिला पुलिस द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सराहनीय पहल की गई।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि दिल्ली गेट स्थित बालक अवलोकन गृह में आज सुबह 7:00 से 8:30 बजे तक योग, शारीरिक फिटनेस और ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का संचालन मध्य जिला की एसआई किरण सेठी ने किया।
किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के आदेश पर अवलोकन गृह में रह रहे 8 से 16 वर्ष आयु के 70 बच्चों ने इस सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, आत्म-अनुशासन और भावनात्मक लचीलापन को बढ़ावा देना था।
बच्चों ने योग और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का अभ्यास किया।
मध्य जिला पुलिस ने कहा कि वह कानून-व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों के पुनर्वास, कल्याण और सामुदायिक जुड़ाव के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखेगी।