विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि माडौदी जाटान गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि आजीविका के विविधीकरण और कृषि से जुड़े सहायक व्यवसायों को अपनाकर ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। डीसी सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय में कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विभागवार आंकड़ों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ अतिरिक्त आय सृजन करने वाली गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग किसानों को अमरूद व बेर जैसे फल बागानों, सब्जी उत्पादन तथा अन्य लाभकारी बागवानी फसलों को अपनाने के लिए सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करे, जिनसे अधिक और नियमित आय प्राप्त होती है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने पशुपालन विभाग को निर्देश देते हुए पशु बीमा योजनाओं तथा मिनी डेयरी स्थापित करने पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में व्यापक जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को कम से कम एक दुधारू पशु पालने के लिए प्रेरित किया जाए तथा नियमित रूप से पशु चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने बताया कि पशुपालन से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री के माध्यम से स्थायी आय प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी शनिवार को गांव स्तर पर एक जागरूकता शिविर आयोजित किया जाए। इसके लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, कलानौर को स्थानीय घोषणाओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण भाग लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने गांव में किसान उत्पादक संगठन के गठन पर भी बल दिया, जिससे किसान सामूहिक रूप से कार्य कर सकें, उनकी सौदेबाजी की क्षमता बढ़े और बाजार तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो। इसके साथ-साथ व्यक्तिगत किसानों को भी बागवानी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने मत्स्य पालन विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी और सुविधाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ.नीना सहवाग, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदनलाल, पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. नरेंद्र दहिया, कलानौर के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मपाल, एसएसओ अनिल अहलावत, एसडीएओ संदीप सिंह के अलावा एपीओ मेघना, ज्वाला सिंह, विनोद कुमार, अमित, सीमा, अमित, दीपक सिंह, राकेश कुमार, कमल व सोमबीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।