विशेष संवाददाता चिमन लाल
प्रशिक्षण के साथ हॉस्टल, ड्रेस और किताबें भी मिलेगी निःशुल्क
झज्जर
युवाओं को रोजगारोन्मुख और कुशल बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीईटी), मुरथल द्वारा आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से अनुसूचित जाति से संबंधित युवाओं के लिए संचालित किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी श्वेता शर्मा ने बताया कि उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल के दिशानिर्देशन में कल्याण विभाग की योजनाओं को जिले में लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त संस्थान द्वारा मशीन ऑपरेटर- इंजेक्शन मोल्डिंग, मशीन ऑपरेटर- प्लास्टिक प्रोसेसिंग, मशीन ऑपरेटर- प्लास्टिक एक्सट्रूज़न और मशीन ऑपरेटर- ब्लो मोल्डिंग जैसे व्यावसायिक कोर्सों के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल 200 चयनित प्रतिभागियों को इन कोर्सों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार मुरथल स्थित केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण की अवधि छह माह की होगी। आवेदकों को अपने साथ मूल मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज रंगीन फोटोग्राफ लेकर आने होंगे। उन्होंने बताया कि ‘कौशल भारत अभियान’ के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय सुविधा, पाठ्यसामग्री, स्टेशनरी, ड्रेस व जूते भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है।