नई दिल्ली, 15 सितंबर
रोहिणी जिले में स्नैचिंग और चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए विजय विहार थाना पुलिस ने एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल के अनुसार, एसीपी बृज मोहन मीना के पर्यवेक्षण में एसएचओ मनोहर लाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। 9 सितंबर को हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, अमित कुमार, रमावतार और कांस्टेबल राजपाल श्मशान घाट रोड, विजय विहार पर गश्त कर रहे थे, तभी एक संदिग्ध युवक को दोपहिया वाहन पर रोककर पूछताछ की गई।
कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया और बहाने बनाने लगा। जांच में स्कूटी नॉर्थ रोहिणी थाने से चोरी की निकली। तलाशी में उसके पास से विजय विहार और बुद्ध विहार इलाके से चोरी हुए 2 मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
आरोपी की पहचान हर्ष शर्मा (25), निवासी विजय विहार फेज-2 के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्नैचिंग और चोरी की वारदातें कबूल की हैं। आरोपी पहले भी चोरी-स्नैचिंग के करीब 20 मामलों में शामिल रह चुका है।
इस गिरफ्तारी से चोरी-स्नैचिंग के 3 मामले सुलझ गए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।