नई दिल्ली, 24 सितंबर 2026
मध्य जिले की नबी करीम थाना पुलिस ने हरियाणा से लापता 16 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित तलाश कर उसके परिवार से मिलाया।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार किशोरी के लापता होने के संबंध में थाना आदमपुर, हिसार, हरियाणा में FIR No. 288/26 U/S 140(3) BNS के तहत मामला दर्ज था। किशोरी 21 सितंबर को अपनी एक सहेली से मिलने दिल्ली आई थी।
इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान नबी करीम थाना पुलिस टीम ने किशोरी को गली नं. 02, मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज इलाके में अकेले घूमते देखा। पूछताछ में पहले उसने कुछ नहीं बताया, लेकिन पुलिस की काउंसलिंग और लगातार बातचीत के बाद उसने अपनी पहचान और आदमपुर, हिसार का निवासी होना बताया।
जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने परिवार को ट्रेस कर संपर्क किया और नियमानुसार सत्यापन के बाद किशोरी को सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया।
इस कार्रवाई को ASI मनीष कुमार, सिपाही राज सिंह और महिला सिपाही शीतल की टीम ने अंजाम दिया।