लगातार निगरानी लाई रंग: तिलक विहार चौकी पुलिस ने सक्रिय घरफोड़ चोर को दबोचा

नई दिल्ली: तिलक विहार पुलिस चौकी, थाना तिलक नगर की टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद एक सक्रिय घरफोड़ चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी के घरेलू बर्तन बरामद हुए हैं। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 08 मामलों में संलिप्त रह चुका है।

हरेश्वर वी. स्वामी, आईपीएस, पुलिस उपायुक्त, पश्चिम जिला के मुताबिक थाना तिलक नगर में ई-एफआईआर संख्या 80049618 धारा 305 बीएनएस के तहत घर में सेंधमारी का मामला दर्ज किया गया था। जांच का जिम्मा एसआई मनदीप, इंचार्ज/पीपी तिलक विहार को सौंपा गया। इसके बाद एसआई मनदीप, एचसी प्रभु दयाल और कॉन्स्टेबल धनपाल की टीम ने आरोपी की तलाश और चोरी का सामान बरामद करने के लिए तुरंत प्रयास शुरू किए।

टीम ने आसपास लगे कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी निगरानी की और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई। अपराधी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

17 जून 2026 को जांच के दौरान मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने कुड़ा खत्ता, डबल स्टोरी, तिलक नगर, दिल्ली के पास छापा मारकर दीपक उर्फ छोटे उर्फ भिंडी को गिरफ्तार किया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उसके पास से इसी केस से जुड़े चोरी के घरेलू बर्तन बरामद हुए।

लगातार पूछताछ में आरोपी दीपक उर्फ छोटे उर्फ भिंडी ने अपना जुर्म कबूल किया। आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और अलग-अलग थानों में चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 08 मामलों में पहले भी शामिल रहा है। आरोपी शिव विहार, उत्तम नगर, दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस अन्य समान वारदातों में आरोपी की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *