मध्य जिला साइबर पुलिस ने शादी के रिश्ते के नाम पर पूरे देश में ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह shaadipartner.com नाम की फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए लोगों को ठग रहा था।
ऐसे फंसाते थे जाल में
आगरा के सिकंदरा में कॉल सेंटर चलाकर लड़कियों की फर्जी फोटो और फर्जी फोन कॉल के जरिए शादी का झांसा देते थे। रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल एक्टिवेशन के नाम पर पीड़ितों से 2500 से 15,000 रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह की रणनीति थी – “छोटा ठगो, ज्यादा लोगों को ठगो”, ताकि कोई शिकायत ही न करे।
वकील की शातिर चाल
शुरुआत में साइबर थाने ने कॉल सेंटर की मैनेजर जया शाक्या (44) को 4 सितंबर को आगरा से पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि असली मालिक एक वकील अमित कुमार (29, BA LLB) है। वकील ने कानून की जानकारी का फायदा उठाकर पूरी फर्म जया के नाम पर खोली और खुद सिर्फ ‘लीगल एडवाइजर’ बना रहा।
छापे के बाद वकील फरार हो गया और फोन बंद कर लिया। तकनीकी निगरानी के बाद 8 सितंबर को पुलिस ने उसे आगरा के कालाकुंज इलाके में उस समय दबोचा जब वह ‘ADVOCATE’ स्टिकर लगी काली Hyundai Creta में घूम रहा था।
बरामदगी
पुलिस ने 1 क्रेटा कार, 50 हजार कैश, 7 कंप्यूटर और 47 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में इस अकाउंट से देशभर में 6 NCRP शिकायतें जुड़ी मिलीं, जबकि हजारों पीड़ितों के होने की आशंका है।
इस कार्रवाई को SI गौरव सिंह, HC भारत और Ct. धर्मेंद्र की टीम ने SHO साइबर थाना और ACP पहाड़गंज के नेतृत्व में अंजाम दिया।
पुलिस अपील: अगर कोई भी इस तरह की मैट्रिमोनियल ठगी का शिकार हुआ है तो साइबर थाना, कमला मार्केट, मध्य जिला में शिकायत करें।