ऑनलाइन निवेश के नाम पर 3.78 करोड़ की ठगी, आरोपी राहुल पाल गिरफ्तार

नई दिल्ली: आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने ऑनलाइन निवेश पोर्टल के जरिए ठगी के मामले में आरोपी राहुल पाल को गिरफ्तार किया है।

मोहम्मद इरशाद अहमद, डीसीपी , इकनॉमिक विंग, नई दिल्ली के अनुसार, मामला FIR No. 101/2026 धारा 406/420/120-B IPC और BUDS एक्ट-2019 के तहत दर्ज किया गया था। आरोपियों ने M/s CRYPIQUE PVT LTD कंपनी के नाम पर “Mobi-cryp”, “Tornado” और “Tether Club” जैसी स्कीमों में 10% मासिक रिटर्न का लालच देकर निवेश करवाया।

झांसे में आकर 21 पीड़ितों ने कुल 3.78 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ महीने रिटर्न दिया गया, फिर रिटर्न और मूल राशि दोनों देना बंद कर दिया और आरोपी फरार हो गए।

आरोपी ने अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जो खारिज हो गई। देश से भागने की कोशिश के दौरान आरोपी को एयरपोर्ट पर रोककर गिरफ्तार किया गया।

आरोपी राहुल पाल कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और कानून का स्नातक है। वह पिछले 6 साल से कंपनी में एजेंट और प्रमोटर के तौर पर काम कर रहा था।

EOW ने जनता से अपील की है कि ज्यादा, गारंटीड रिटर्न का वादा करने वाली स्कीमों से सावधान रहें और निवेश से पहले कंपनी की वैधता की जांच जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *