शिव शक्ति सेवादार समिति दिल्ली पिछले 32 सालों से पिस्सुटॉप पर लगा रही बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए भंडारा

पहलगाम, कश्मीर: अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प लिए शिव शक्ति सेवादार समिति पिछले 32 वर्षों से लगातार कश्मीर के पहलगाम स्थित पिस्सुटॉप पर भंडारे का आयोजन कर रही है।

समिति के प्रधान संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के पहाड़गंज-करोल बाग क्षेत्र से भंडारे का सामान एकत्रित किया जाता है। इसके बाद ट्रकों के जरिए पूरे सामान को कश्मीर ले जाया जाता है।

पिस्सुटॉप की कठिन और दुर्गम चढ़ाई पर ही भंडारा तैयार कर बाबा बर्फानी अमरनाथ यात्रा पर आने वाले हजारों भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता है। ऊंचाई और मौसम की चुनौतियों के बावजूद समिति के सेवादार हर साल निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहते हैं।

संजीव कुमार ने आगे बताया कि इस दौरान यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं, ताकि भक्तों की यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे। शिव शक्ति सेवादार समिति का उद्देश्य बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को भोजन-प्रसाद की कमी न होने देना है।

समिति की यह सेवा 3 दशक से ज्यादा समय से अनवरत जारी है और हर साल सैकड़ों सेवादार इसमें अपना योगदान देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *