सेंट्रल जिले में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, कोकीन-MDMA के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 जुलाई। मध्य जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने पटेल नगर इलाके में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक ड्रग्स पेडलर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि AATS प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल के नेतृत्व में SI अजय, ASI बीरेंद्र सहित टीम ने 22 जुलाई को वेस्ट पटेल नगर रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़, यूपी का रहने वाला है और वर्तमान में बापरोला, दिल्ली में रह रहा था। NDPS एक्ट की धारा 50 के तहत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 26.69 ग्राम कोकीन और 8.54 ग्राम MDMA बरामद हुई। वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

इस संबंध में थाना पटेल नगर में FIR No. 271/2026, धारा 21/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दो साल पहले दिल्ली आया था और कैब चलाता था। इसी दौरान नशा तस्करों के संपर्क में आकर वह पैसे के लालच में ड्रग्स सप्लाई करने लगा। पुलिस अब उसके सोर्स और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *