हत्यारा बर्थडे ब्वॉय जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर

बुलंदशहर जिले के बहुचर्चित बर्थडे ट्रिपल मर्डर केस के आरोपित को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. बर्थ-डे पार्टी में तीन युवक़ों की हत्या करने वाला बर्थ-डे बॉय जीतू सैनी को पुलिस ने मार गिराया है। हत्यारोपित जीतू सैनी के ऊपर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। अपनी बर्थ-डे पार्टी में पिस्टल से युवक़ों पर गोलियां बरसाकर जीतू ने भाजपा नेता के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की थी. प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले के सिकंदरपुर रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान जीतू सैनी मारा गया है। बर्थ-डे पार्टी में मुंह पर केक लगाने को लेकर हुए विवाद में जीतू सैनी ने गोली मारकर आकाश, मनीष और अमरदीप की हत्या की थी. वहीं एनकाउंटर में एसओजी प्रभारी असलम और एक अन्य सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए. बुलंदशहर में बीते 25 अप्रैल को खुर्जा के सुभाष रोड स्थित जिम में ट्रिपल मर्डर हुआ था।

बता दें कि जीतू सैनी के एनकाउंटर से पहले तिहरे हत्याकांड के सिलसिले में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी थी. अधिकारियों के मुताबिक 25-26 अप्रैल की दरमियानी रात खुर्जा क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के कुछ दिन बाद यह गिरफ्तारी हुई है. इस घटना के बाद लापरवाही के आरोप में एक थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।


पुलिस के अनुसार, रिंकू सैनी और भारत सैनी नामक दोनों आरोपियों को खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम ने 28-29 अप्रैल की देर रात मुंडाखेड़ा नहर के पास एक संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की टीम आरोपियों को वारदात से जुड़े डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) की बरामदगी के लिए मौके पर ले गई थी, तभी दोनों ने कथित तौर पर हिरासत से भागने की कोशिश की और छिपाए गए हथियारों से पुलिस पर गोलीबारी कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया. घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *