मध्य जिला पुलिस की आनंद पर्वत थाना टीम ने सतर्क गश्त के दौरान एक आदतन वाहन चोर को पीछा कर गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुभाष सिंह उर्फ मेंटल (36) निवासी आनंद पर्वत के रूप में हुई है, जो थाने का घोषित बदमाश (BC) है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को हेड कांस्टेबल रोहित को सूचना मिली कि रामलीला ग्राउंड, नेहरू नगर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ घूम रहा है। मौके पर गश्त कर रहे कांस्टेबल अशोक और ओमप्रकाश ने काली हीरो स्प्लेंडर के साथ एक संदिग्ध को रोका। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद स्टाफ ने थोड़ी दूरी पर पीछा कर उसे दबोच लिया।
जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल E-FIR No. 014375/2026, थाना सराय रोहिल्ला में चोरी की थी।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने रामलीला ग्राउंड के पीछे मंदिर के पास एक और चोरी की स्कूटी छिपा रखी है। निशानदेही पर पुलिस ने सफेद होंडा एक्टिवा बरामद की, जो E-FIR No. 015950/2026, थाना मोती नगर में चोरी की निकली।
आरोपी को BNSS की धारा 35(1)(e) और 106 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ है।
आरोपी के पास से थाना सराय रोहिल्ला से चोरी हुई एक काली हीरो स्प्लेंडर और थाना मोती नगर से चोरी हुई एक एक सफेद होंडा एक्टिवा बरामद हुई है।
यह कार्रवाई SHO आनंद पर्वत के नेतृत्व में HC रोहित, Ct. अशोक और Ct. ओमप्रकाश की टीम ने ACP पटेल नगर के समग्र पर्यवेक्षण में की गई है।