नई दिल्ली, 29 अगस्त। उपराज्यपाल दिल्ली और पुलिस आयुक्त दिल्ली के निर्देश पर “आपकी पुलिस आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करते हुए साउथ-ईस्ट जिले के सरिता विहार सब-डिवीजन में आज ‘जन सुनवाई – आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और आपसी सहयोग को मजबूत करना है। यह थाना क्षेत्र में आरडब्ल्यूए और एमडब्ल्यूए के माध्यम से जन-विश्वास कायम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के बाद आयोजित इस जन सुनवाई में तीन प्रमुख स्थानों पर शिविर लगाए गए –
- थाना सरिता विहार: कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रथम तल, थाना सरिता विहार
- थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया (OIA): थाना परिसर
- थाना कालिंदी कुंज: कंचन कुंज, मदनपुर खादर
सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली इस जन सुनवाई में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रोजमर्रा की समस्याओं व सुझावों को खुलकर रखा। निवासियों को आश्वस्त किया गया कि ऐसी बैठकें अब प्रत्येक शनिवार को आयोजित की जाएंगी, जो “जीरो शिकायत – जीरो क्राइम” के लक्ष्य को प्राप्त करने में मील का पत्थर साबित होंगी।
नेतृत्व और निगरानी
यह अभियान डीसीपी साउथ-ईस्ट श्री विनीत कुमार के रणनीतिक मार्गदर्शन और एसीपी सरिता विहार अनिल शर्मा की सीधी निगरानी में चलाया गया। फील्ड में इसका संचालन तीनों थानों के एसएचओ, इंस्पेक्टर LnO, इन्वेस्टिगेशन इंस्पेक्टरों और बीट अधिकारियों द्वारा किया गया।
जन सुनवाई के प्रमुख नतीजे
इस पहल को जनता से जबरदस्त प्रतिसाद मिला और त्वरित न्याय की मिसाल पेश की गई –
- कुल 98 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। • 92 विवादों का मौके पर ही आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण निपटारा किया गया। • 01 मामले में उचित धाराओं में FIR दर्ज की गई। • 03 मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। • 02 मामलों को नागरिक सुविधाओं से जुड़ा होने के कारण नगर निगम दिल्ली (MCD) को अग्रेषित किया गया।
साउथ-ईस्ट जिला पुलिस ने दोहराया कि वह पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे जनता का विश्वास और सामुदायिक सुरक्षा और मजबूत होगी।