नई दिल्ली, पहाड़गंज: राजधानी के मध्य जिले के थाना नबी करीम बीट नंबर-2 अंतर्गत आने वाले आर्य नगर पहाड़गंज रिहायशी क्षेत्र में बेड एंड ब्रेकफास्ट की आड़ में चल रहे अवैध होटलों और स्पा सेंटरों के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन होटलों में दिन-रात असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों का जमावड़ा लगा रहता है।
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में चल रहे होटल ब्लू बेल्स, होटल ब्लू बेरी, होटल एशिया यात्री निवास, होटल अलफांसो, होटल फ्लोरेंस और होटल राज समेत कई अन्य यूनिट्स में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
निवासियों का आरोप है कि इन होटलों के बाहर गली में खुलेआम दलाल घूमते हैं और आने-जाने वाले लोगों को आवाज लगाकर “होटल रूम ले लो, मसाज करा लो” जैसी बातें कहते हैं। इससे पूरे रिहायशी माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है और महिलाओं व बच्चों का घर से निकलना भी शर्मिंदगी भरा हो गया है।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब वे इन गतिविधियों का विरोध करते हैं तो होटलों से जुड़े लोग झुंड बनाकर आ जाते हैं और मारपीट व गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं। हाल ही में होटल ब्लू बेरी के बाहर ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां विरोध करने पर स्थानीय निवासियों के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
इस मामले को लेकर आर्य नगर के निवासियों ने सामूहिक रूप से दिल्ली पुलिस कमिश्नर और डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को लिखित हस्ताक्षर युक्त शिकायत दी है। शिकायत में इन सभी अवैध रूप से चल रही यूनिट्स की जांच कर इन्हें बंद करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने की मांग की गई है।
निवासियों का यह भी आरोप है कि अगर कोई व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से शिकायत करता है तो उसे ही झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है, जिसके डर से कई लोग चुप रहने को मजबूर हैं।
फिलहाल सामूहिक हस्ताक्षर युक्त शिकायत के बावजूद इन होटलों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब देखना यह होगा कि वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची इस शिकायत पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और आर्य नगर के निवासियों को इस अवैध अतिक्रमण से कब राहत मिलती है।