अशोक कुमार निर्भय
नई दिल्ली। सावन के पावन महीने में राजधानी दिल्ली शिवभक्ति के रंग में रंगी हुई है। इसी कड़ी में मादीपुर गांव में शिवम कांवड़ सेवा समिति की ओर से 29वें विशाल कांवड़ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। शिविर का उद्घाटन प्रसिद्ध समाजसेवी एवं दशहरा कमेटी पंजाबी बाग के अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने विधिवत रूप से किया। इस दौरान श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने भगवान शिव के जयकारों के साथ शिवभक्ति का वातावरण बनाया। इस मौके पर दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग की अध्यक्षा एवं पूर्व महापौर श्रीमती सुनीता कांगड़ा,मंडल महामंत्री ताराचंद दोतनिया आदि ने भी भगवान भोलेनाथ का आर्शीवाद लिया।
कांवड़ शिविर के उद्घाटन से पहले वैदिक विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में शिवम कांवड़ सेवा समिति के प्रधान हरिओम यादव और श्रीमती अनीता यादव मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए हवन में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर रविंद्र गुप्ता ने कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 29वें विशाल कांवड़ शिविर के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा और परोपकार का भी संदेश देता है। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन यात्रा करके भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रियों की सेवा करना धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वर्षों से शिवम कांवड़ सेवा समिति द्वारा किया जा रहा यह आयोजन क्षेत्र में सेवा और धार्मिक समर्पण की मजबूत परंपरा को दर्शाता है।
शिवम कांवड़ सेवा समिति के प्रधान हरिओम यादव ने कहा कि समिति का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की श्रद्धा और उनकी यात्रा को ध्यान में रखते हुए सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि समिति लंबे समय से कांवड़ शिविर का आयोजन करती आ रही है और इस वर्ष भी शिविर में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, हरिमोहन वैद्य, संगठन मंत्री अनिल यादव, उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, उपाध्यक्ष निर्देश शर्मा और भाजपा मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य एवं प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और कांवड़ सेवा के इस प्रयास की सराहना की।
मादीपुर गांव में आयोजित इस विशाल कांवड़ शिविर के माध्यम से श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी सामने आया। शिविर में जुटे लोगों ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और सावन की भक्ति में स्वयं को सराबोर किया। आयोजन में समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। 29वें वर्ष में पहुंच चुका यह कांवड़ शिविर क्षेत्र में शिवभक्ति और सेवा की निरंतर चल रही परंपरा का प्रतीक बन गया है। सावन के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक सेवा कार्यक्रम ने मादीपुर के माहौल को पूरी तरह शिवमय कर दिया।