दिल्ली के मध्य जिला पुलिस द्वारा नकली नोटों का जाल ध्वस्त: 2.65 लाख की जाली करेंसी के साथ दो गिरफ्तार

नई दिल्ली, 6 नवंबर 2026

मध्य जिला पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 65 हजार 100 रुपये की जाली भारतीय मुद्रा बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि थाना पहाड़गंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज इलाके में दो व्यक्ति जाली नोटों की सप्लाई करने के लिए घूम रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई एस.एन. ओझा, इंचार्ज पुलिस पोस्ट संतराशन के नेतृत्व में एसएचओ पहाड़गंज और एसीपी पहाड़गंज की देखरेख में एक टीम गठित की गई।

टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नीलम गेस्ट हाउस, पहाड़गंज में छापा मारकर दो संदिग्धों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। दोनों मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाकर नोटों की जांच कराई गई। इस संबंध में थाना पहाड़गंज में FIR No. 437/26 धारा 179/180/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

ऐसे बेचते थे जाली नोट

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली में जाली नोट बेचने आए थे और ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। इनकी योजना 1 लाख रुपये के जाली नोटों को 25 से 30 हजार रुपये असली नोटों के बदले बेचने की थी। हालांकि, किसी ग्राहक से सौदा तय होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह जाली करेंसी एक अन्य व्यक्ति ‘S’ ने सप्लाई की थी। पुलिस अब सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

बरामदगी

कुल 2,65,100 रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है –

दिनेश कुमार झा से – 2,45,100 रुपये

  • 500 के 4 नोट – 2,000 रुपये • 200 के 1000 नोट – 2,00,000 रुपये • 100 के 351 नोट – 35,100 रुपये • 50 के 160 नोट – 8,000 रुपये
    सतीश कुमार से – 20,000 रुपये
  • 200 के 100 नोट – 20,000 रुपये
    एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

जांच में पता चला है कि आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी जाली नोटों के मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में FIR No. 685/23 दिनांक 29.09.2023 धारा 489B/489C/34 IPC के तहत मामला दर्ज है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *