रोहिणी जिले के थाना बेगमपुर पुलिस ने हत्या के मामले को महज दो घंटे में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक थाना का घोषित बदमाश है, जिस पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 09.08.2026 को अग्रसेन अस्पताल से पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि मुकेश यादव (30) पुत्र गिरीश चंद यादव निवासी भारत विहार को चाकू मार दिया गया है। घायल को एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां 10.08.2026 को तड़के करीब 02:18 बजे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना बेगमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/115(2)/126(2) के तहत FIR दर्ज की गई।
जांच में पता चला कि मृतक के भाई सतीश ने आरोपी सचिन उर्फ सागर से 700 रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर हुए झगड़े में बीच-बचाव करने आए मुकेश पर सचिन ने चाकू से हमला कर दिया।
थाना बेगमपुर की टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय पूछताछ के आधार पर अलग-अलग ओयो होटल और लॉज में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें सचिन उर्फ सागर (29) निवासी नवीन विहार – ई-रिक्शा चालक जिस पर 10 चोरी के मामलों में वो शामिल रहा है, थाने का बीसी (Bad Character) है , दूसरा पंकज उर्फ भूरा (23) निवासी भारत विहार – ई-रिक्शा चालक और तीसरा अभिषेक उर्फ अटल (22) निवासी बेगम विहार – ऑटो चालक है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, एक मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि टीम में इंस्पेक्टर प्रमोद, एसआई जगदीप संधू, एसआई सुधांशु और अन्य कर्मी शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।