नई दिल्ली। करोल बाग के पूसा रोड स्थित प्लॉट नंबर-18 में शुक्रवार शाम करीब 7:38 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही थाना करोल बाग की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की।
आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी, जहां एएमडी इंडस्ट्रीज प्रा. लि. का कॉरपोरेट कार्यालय है। घटना के समय कार्यालय बंद था और अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
शंकर रोड और प्रसाद नगर फायर स्टेशन से कम से कम 08 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बीएसईएस की टीम भी मौके पर पहुंची और सहयोग किया।
घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। तकनीकी निरीक्षण और रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चलेगा। परिसर को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।