27,208 क्वार्टर अवैध शराब की बोतलें,720 बीयर कैन,नकद राशि ₹42,070/-, स्कूटी बरामद
नई दिल्ली : संगठित अपराध के विरुद्ध शून्य-सहिष्णुता नीति को लागू करते हुए राहुल अलवल, डीसीपी,उत्तर-पूर्व जिला के पुलिस ने विशेष अभियान ‘अभियान शुद्ध प्रहार’ चलाया। इसमें सभी थानों और ऑपरेशन टीमों को शामिल किया गया। पांच अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, बीयर, नकदी और शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किया। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की ऊपर और नीचे की कड़ियों की जांच जारी है।
नारकोटिक्स स्क्वाड ने पकड़ी 16,000 क्वार्टर अवैध शराब और 720 बीयर कैन, एक आरोपी गिरफ्तार
26. जून 2026 को करीब 3:15 बजे सुबह, नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम को गांव सभापुर क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब की सूचना मिली। इंस्पेक्टर अमित नारा, एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड और एसीपी/ऑप्स सत्येंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एचसी संदीप और एचसी सचिन की टीम ने गली नंबर 1, गुड़ड़िया मोहल्ला, गांव सभापुर में छापा मारा।
मकान की तलाशी में भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा मिला। मौके से हिमांशु कश्यप (23 वर्ष), पुत्र मुकेश कश्यप, निवासी गांव सभापुर को गिरफ्तार किया गया। वह शराब रखने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके पास से 15,848 क्वार्टर अवैध शराब की बोतलें , 720 बीयर कैन बरामद। थाना सोनिया विहार में एफआईआर संख्या 130/2026 धारा 33 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह गोदाम सतबीर के बेटे सुमित का है। सुमित हरियाणा के एक सप्लायर से शराब मंगवाता है जो अभी फरार है।
वही थाना भजनपुरा इलाके से 11,112 क्वार्टर अवैध शराब और स्कूटी जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
26 जून.2026 को शाम करीब 5 बजे, एसएचओ इंस्पेक्टर सत्यवान लाठवाल और एसीपी/भजनपुरा सहदेव कुमार राणा के नेतृत्व में पीएसआई मनीष लावनिया की टीम ने पुराने स्टेट बैंक, घोंडा के पास जाल बिछाया।
टीम ने एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी को रोका। तलाशी में स्कूटी पर लदे तीन प्लास्टिक के बोरों से अवैध शराब बरामद हुई। चालक की पहचान सुरेंद्र रस्तोगी (31 वर्ष), पुत्र राममूर्ति रस्तोगी, निवासी जौहरी पुर के रूप में हुई।
उसकी निशानदेही पर किराए के मकान में छापा मारा गया। कुल 223 कार्टन में 11,112 क्वार्टर बोतलें और स्कूटी बरामद की गई। थाना भजनपुरा में एफआईआर संख्या 306/2026 धारा 33/47 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वही थाना वेलकम इलाके में महिला शराब तस्कर गिरफ्तार, 181 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
26 जून.2026 को रात करीब 12:30 बजे, एसएचओ इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में एचसी संदीप की टीम गश्त कर रही थी। गली नंबर 6, सुदामा पुरी में एक महिला संदिग्ध हालत में बैग के साथ मिली।
तलाशी में बैग से 42 क्वार्टर अवैध शराब मिली। महिला की पहचान “ए” (45 वर्ष), निवासी सुदामा पुरी के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर तीसरी मंजिल, सुदामा पुरी से 139 और क्वार्टर बोतलें बरामद की गईं।
थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 346/2026 धारा 33 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वही थाना खजूरी खास इलाके में 28 क्वार्टर शराब और ₹42,070/- नकद बरामद, एक गिरफ्तार
एसएचओ इंस्पेक्टर जे पी मीणा और एसीपी यतिन शर्मा, आईपीएस के पर्यवेक्षण में टीम ने सम्राट चिकन कॉर्नर, बुध वाली गली, दयालपुर में छापा मारा।
मौके से 28 क्वार्टर अवैध शराब और ₹42,070/- नकद बरामद हुए। आरोपी सनतराम (57 वर्ष), पुत्र रामचंदर, निवासी दयालपुर को गिरफ्तार किया गया। थाना खजूरी खास में एफआईआर संख्या 301/26 दर्ज की गई।
वही थाना नंद नगरी इलाके में 39 क्वार्टर अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
26.06.2026 को थाना नंद नगरी की टीम ने जाल बिछाकर फैजान (26 वर्ष), पुत्र कमरुद्दीन, निवासी सुंदर नगरी को 39 क्वार्टर अवैध शराब के साथ पकड़ा। थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 357/26 धारा 33 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी ने अपने स्रोत की जानकारी दी है।
उत्तर-पूर्व जिला पुलिस अवैध शराब, नशा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। टीमें पूरी सप्लाई चेन का पता लगा रही हैं। इसमें बड़े शराब ठेके से खरीद, उत्तर-पूर्व जिले तक परिवहन, आगे वितरण और यूपीआई खातों सहित मनी ट्रेल शामिल है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।