लुटियंस दिल्ली के पॉश इलाके खान मार्केट में ट्रैफिक जाम, पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या को खत्म करने के लिए दिल्ली पुलिस ने आज ‘ट्रैफिक पंचायत’ बुलाई। हुमायूं रोड स्थित डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित इस अहम बैठक की अध्यक्षता स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) श्री अजय चौधरी, IPS ने की।
बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, NDMC के अधिकारी और खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद –
ज्वाइंट सीपी ट्रैफिक संजय त्यागी, एडिशनल सीपी दिनेश कुमार गुप्ता, डीसीपी ट्रैफिक न्यू दिल्ली रेंज जिमी चिरम, एसीपी सुनील चौहान के अलावा NDMC से डायरेक्टर PMS पीयूष मोहंती, डायरेक्टर एनफोर्समेंट राजेश कुमार और ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए 5 बड़े फैसले –
- बनेगी अंडरग्राउंड पार्किंग: व्यापारियों ने अमृता शेरगिल मार्ग पर सालों से खाली पड़े प्लॉट का मुद्दा उठाया। सुझाव दिया गया कि यहां अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई जाए। NDMC ने बताया कि इस प्रस्ताव के साथ-साथ लिटिल धवल के सामने पार्किंग का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
- वन-वे होगा खान मार्केट: मार्केट की अंदरूनी गलियों में जाम कम करने के लिए वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू करने पर विचार किया गया। शेरशाह रोड और एसबीएम रोड पर सड़क किनारे पार्किंग को व्यवस्थित किया जाएगा।
- पीक आवर्स में मैनुअल सिग्नल: सुजान सिंह पार्क के ट्रैफिक सिग्नल को पीक आवर्स में मैनुअल ऑपरेट किया जाएगा। एसबीएम रोड के सिग्नल का टाइम भी बढ़ाया जाएगा। सुजान सिंह पार्क पर टैक्सी और ऑटो के लिए अलग पिक एंड ड्रॉप पॉइंट और 3-4 ऑटो का स्टैंड बनाने का फैसला लिया गया।
- अतिक्रमण पर चलेगा डंडा: दिल्ली पुलिस और NDMC की संयुक्त टीम द्वारा नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने लगे कियोस्क को हटाने/शिफ्ट करने पर भी चर्चा हुई।
- होटलों को चेतावनी: तिलक मार्ग सर्किल में आने वाले बड़े होटलों – द ओबेरॉय, ताजमहल होटल और होटल अंबेडर को निर्देश दिया जाएगा कि उनके मेहमानों की गाड़ियां सड़क पर जाम न लगाएं। मार्केट के एंट्री पॉइंट्स पर लगे LPR कैमरे फिलहाल सक्रिय पाए गए।
स्पेशल सीपी अजय चौधरी ने सभी संबंधित विभागों को NDMC और ट्रेडर्स एसोसिएशन के साथ लगातार समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।