नई दिल्ली, 5 नवंबर
राजधानी के चावड़ी बाजार इलाके में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गली शीश महल में सुबह करीब 09:48 बजे एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा और एमसीडी की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
अब तक मलबे से चार लोगों को निकाला जा चुका है। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान :
- किशोरी, उम्र 40 वर्ष, निवासी – रेलवे कॉलोनी, मंडावली। 2. संजीत, उम्र 45 वर्ष, निवासी – रेलवे कॉलोनी, मंडावली।
घायलों की पहचान (स्थिर और खतरे से बाहर) : - सहदेव चौधरी, उम्र 25 वर्ष, पुत्र दारा चौधरी, निवासी – मंडावली। 2. फिरोज, उम्र 37 वर्ष, पुत्र तौहीद, निवासी – रेलवे कॉलोनी, मंडावली।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में इमारत मालिकों और ठेकेदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
फिलहाल मौके पर बचाव अभियान जारी है और मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
फिलहाल इस मामले में JE और AE बिल्डिंग डिपार्टमेंट MCD को सस्पेंड कर दिया गया है और ठेकेदार के विरुद्ध FIR दर्ज कर दी गई है।