पहाड़गंज में छापेमारी के दौरान चार अंतरराज्यीय म्यूल अकाउंट संचालक गिरफ्तार । साइबर अपराध के लिए शेल अकाउंट, बैंकिंग किट व पीओएस टर्मिनल सप्लाई करने वाला मॉड्यूल ध्वस्त । सक्रिय पीओएस टर्मिनल, डेबिट कार्ड, हस्ताक्षरित खाली चेक बुक, बैंकिंग दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य बरामद।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक थाना साइबर, मध्य जिला ने पूरे भारत में सक्रिय ऑनलाइन ठगी नेटवर्कों को बैंकिंग व वित्तीय सहायता प्रदान करने वाले एक बहु-राज्यीय साइबर अपराध इंफ्रास्ट्रक्चर मॉड्यूल को ध्वस्त किया। यह सिंडिकेट कथित तौर पर कमीशन के बदले व्यक्तियों से बैंक खाते खुलवाता या शेल फर्म बनवाता था। इन खातों को “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल कर निवेश घोटाले, फर्जी नौकरी घोटाले व डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड से प्राप्त राशि को रूट व लेयर किया जाता था।
खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसआई गौरव सिंह (आईओ), एचसी भरत, कांस्टेबल धर्मेंद्र व कांस्टेबल जानकी की एक विशेष टीम गठित की गई। एसएचओ/थाना साइबर, मध्य जिला के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण व एसीपी ऑपरेशंस के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने कृष्णा होटल, पहाड़गंज, दिल्ली में छापा मारा। चारों सिंडिकेट सदस्य कथित तौर पर बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को आगे तैनाती के लिए तैयार करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
तदनुसार, धारा 112/318(4) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 28/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस मामले में संजय, निवासी थान सिंह नगर, आनंद पर्वत, कुलदीप गोले, निवासी पंजाबी बस्ती, पटेल नगर,निर्दोष बिडलान, निवासी गोहाना, सोनीपत, हरियाणा,दीपक बिश्नोई, निवासी हनुमानगढ़, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से 01 सक्रिय इंडसइंड बैंक पीओएस टर्मिनल • 01 मर्चेंट यूपीआई क्यूआर कोड स्कैनर • 05 व्यावसायिक करंट अकाउंट चेक बुक व पासबुक • 06 सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड • 03 मूल पार्टनरशिप डीड व संबंधित कॉर्पोरेट दस्तावेज • कॉर्पोरेट रबर स्टैंप, पैन कार्ड व एक व्यावसायिक किराया समझौता • 04 मोबाइल फोन जिनमें बैंकिंग रिकॉर्ड व डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा मौजूद बरामद किए गए हैं।
जांच व तकनीकी विश्लेषण में जब्त खातों का संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कई साइबर ठगी शिकायतों से पाया गया। एक एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक खाता एनसीआरपी शिकायत से जुड़ा मिला। एक इंडसइंड बैंक खाता कर्नाटक व महाराष्ट्र से रिपोर्ट की गई साइबर ठगी शिकायतों से जुड़ा मिला। “लक्ष्मण एंटरप्राइजेज” के नाम से एक एक्सिस बैंक खाता पांच साइबर ठगी शिकायतों में फ्लैग पाया गया। जांच में बरामद एक एचडीएफसी बैंक खाते का विवरण पांच साइबर ठगी शिकायतों से जुड़ा मिला।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूरे मनी ट्रेल का पता लगाने, अतिरिक्त जुड़े खातों की पहचान करने व नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अन्य संदिग्ध सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।