नई दिल्ली। मध्य जिले की पहाड़गंज थाना पुलिस की पीपी संगतराशन चौकी टीम ने विदेशी महिला से बैग चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 72 वर्षीय आदतन महिला चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ₹1,85,500 की नकदी और 2,600 अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं।
क्या था मामला – 21 अक्टूबर को एक विदेशी महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि पहाड़गंज में शॉपिंग के दौरान उसका बैग चोरी हो गया। बैग में पासपोर्ट, वीजा डॉक्यूमेंट, 2600 डॉलर, ₹2.50 लाख नकद, तीन क्रेडिट कार्ड और सैमसंग मोबाइल फोन था।
शिकायत पर इंचार्ज पीपी संगतराशन SI S.N. ओझा के नेतृत्व में SI साहिल, W/SI खाइको असुने, HC भागीरथ, HC निरंजन, W/Ct मोहिनी भारती और Ct ललित की टीम गठित की गई।
टीम ने इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की। 24 अक्टूबर को उत्तम नगर में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा गया। उसके पास से वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपी – सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी (72 वर्ष), निवासी उत्तम नगर। पूछताछ में उसने चोरी कबूल की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बुजुर्ग होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देती है। वह हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सरोजिनी नगर, जनकपुरी मेट्रो, राजा गार्डन मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थानों के मामले शामिल हैं।
फिलहाल FIR No. 80090378/26, धारा 305/BNS, थाना पहाड़गंज के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। चोरी हुए मोबाइल, पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।