नई दिल्ली, 24 सितंबर।
रोहिणी जिला पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना साउथ रोहिणी पुलिस ने एक ऑटोलिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं।
एसीपी रोहिणी बृज मोहन मीणा के पर्यवेक्षण में और एसएचओ साउथ रोहिणी इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला के अनुसार 19 सितंबर को हेड कांस्टेबल राधेश्याम, बलवान, कांस्टेबल लक्ष्मण और विनोद की टीम सेक्टर-3 स्थित योग आश्रम के पास गश्त कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति दोपहिया वाहन पर आता दिखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
कागजात मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। जांच में स्कूटी थाना साउथ रोहिणी क्षेत्र से चोरी की निकली। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर एक और चोरी की स्कूटी बरामद हुई।
आरोपी की पहचान करण (22), निवासी वेगा बॉन्ड, तिरंगा पार्क, मंगोलपुर गांव, दिल्ली के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी से चोरी के 8 मामले सुलझ गए हैं।