नई दिल्ली, 27 सितंबर।
रोहिणी जिले की बुध विहार थाना पुलिस ने लूट की वारदात का 15 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला दिल्ली के अनुसार, 25 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सेक्टर-5, हनुमान मंदिर के पास एक डिलीवरी बॉय से लूट हुई थी। ग्राहक बनकर आई एक युवती ने पार्सल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसी दौरान दूसरी युवती स्कूटी से आई और पीछे से टक्कर मारकर डिलीवरी बॉय को गिरा दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई। दोनों कई पार्सल लेकर फरार हो गईं। इस संबंध में थाना बुध विहार में FIR No. 330/2026, धारा 309(6)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार, SHO बुध विहार के नेतृत्व में और ACP प्रशांत विहार आरपी मीणा के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। टीम में ASI रमेश, HC राजेश, कुलदीप, राजेश, रश्मि और कांस्टेबल विजय व स्वीटी शामिल थे।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय नैन्सी सिंह और 20 वर्षीय ग्रेसी सिंह के रूप में हुई है, दोनों बहनें हैं और करोल बाग की रहने वाली हैं। नैन्सी ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है और फिलहाल बेरोजगार है, जबकि ग्रेसी 12वीं ड्रॉपआउट है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना कबूल किया है।
रोहिणी जिले के DCP शशांक जायसवाल ने टीम के काम की सराहना की है।