दिल्ली : पहाड़ गंज के होटल सुदर्शन पैलेस से वीजा अवधि से अधिक रुकने पर तीन बांग्लादेशी नागरिक पकड़े, निर्वासन की कार्यवाही शुरू

नई दिल्ली, 21 नवंबर। मध्य जिला के स्पेशल स्टाफ के फॉरेनर सेल ने विशेष सत्यापन अभियान के दौरान वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में अधिक समय तक रुकने वाले तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। तीनों के खिलाफ निर्वासन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

पकड़े गए नागरिकों की पहचान सलाउद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) के रूप में हुई है। तीनों बांग्लादेश के नोआखाली जिले के सोनाइमुरी के रहने वाले हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फॉरेनर सेल की टीम ने मध्य जिले के विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउसों में वीजा सत्यापन अभियान चलाया। एसआई राकेश और एचसी नरेंद्र की टीम ने जांच के दौरान पहाड़गंज के शोरा कोठी स्थित होटल सुदर्शन पैलेस में ठहरे तीनों बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा।

जांच में पता चला कि तीनों 6 अक्टूबर 2026 को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। वीजा 14 दिसंबर 2026 तक वैध है, लेकिन इसमें केवल 15 दिन रुकने की अनुमति थी। इसके बावजूद तीनों बिना अनुमति के तय अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके रहे।

पकड़े जाने के बाद तीनों का एलएनजेपी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उन्हें एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ ने तीनों के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किए। आदेश के पालन में तीनों को सेवा धाम, दिल्ली स्थित डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया है, जहां निर्वासन की आगे की कार्यवाही लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *