नई दिल्ली, 3 अक्टूबर
दक्षिण-पूर्वी जिले के कालिंदी कुंज इलाके में पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से दो महिलाओं की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को डी-ब्लॉक, जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2, खड्डा कॉलोनी से पीसीआर कॉल मिली थी कि एक महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना पर SHO कालिंदी कुंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पता चला कि 25 वर्षीय एक महिला पहली मंजिल की बालकनी से सड़क पर कूद गई थी। पुलिस ने तुरंत उसे फेलिज अस्पताल पहुंचाया।
इसी दौरान दूसरी 24 वर्षीय महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। फायर ब्रिगेड की टीम – SO राकेश सिंह के नेतृत्व में – की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो वह घर के शाफ्ट में कूदी हुई मिली। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संयुक्त रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं ननद-भाभी हैं। एक महिला के किचन में काम करने के दौरान दूसरी ने उसका वीडियो बनाकर किसी और को भेज दिया, जिस पर दोनों में झगड़ा हो गया और यह घटना हुई।
बाद में बेहतर इलाज के लिए दोनों महिलाओं को PCR वैन से AIIMS ट्रॉमा सेंटर शिफ्ट किया गया। दक्षिण-पूर्वी जिले के DCP ने बताया कि त्वरित कार्रवाई से दो कीमती जानें बचाई जा सकीं।