दिल्ली पुलिस की तिरंगा बाइक रैली: देशभक्ति के जज्बे से गूंजा आउटर जिला

नई दिल्ली, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आउटर जिले में गुरुवार को भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व आउटर जिला के डीसीपी श्री विक्रम सिंह और अतिरिक्त डीसीपी-प्रथम श्री विष्णु कुमार ने किया।

देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ जब सैकड़ों पुलिसकर्मियों का काफिला हाथों में तिरंगा लहराते हुए सड़कों पर निकला, तो पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। रैली में अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव की झलक साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर डीसीपी श्री विक्रम सिंह ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य केवल जश्न मनाना नहीं, बल्कि समुदाय और पुलिस के बीच के बंधन को और मजबूत करना है। यह रैली एकता और एकजुटता का संदेश लेकर आउटर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी।

रैली के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने फूल बरसाकर और तिरंगा लहराकर पुलिसकर्मियों का स्वागत किया। तिरंगे की शान में लहराते हुए दिल्ली पुलिस के जवानों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और आजादी के जज्बे को सलाम किया।

गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस द्वारा इस तरह के आयोजनों से न केवल सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है, बल्कि आम जनता में देशभक्ति और सुरक्षा का भाव भी जागृत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *