दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी – 19 साल पुराने केस में 17 साल से फरार 2 बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 27 जुलाई। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने 19 साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में 17 साल से फरार चल रहे दो भगोड़े बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकबाल सिंह उर्फ पल्ला (46) और भूपेंद्र सिंह उर्फ लवली (47) के रूप में हुई है। दोनों पटेल नगर थाने के FIR No. 237/2007, धारा 307/341/34 IPC में वांछित थे।

इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में और ACP संजय कुमार नागपाल की देखरेख में टीम ने एक साथ कार्रवाई करते हुए इकबाल को रामपुर, यूपी के बिलासपुर से और भूपेंद्र को मयूर विहार, दिल्ली से दबोचा।

जांच में खुलासा हुआ कि भूपेंद्र ने अपनी पहचान बदलकर चंदर पाल S/o बाबू राम के नाम से फर्जी पहचान बना ली थी और दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर बनकर रह रहा था। वह 2010 से, जबकि इकबाल 2009 से भगोड़ा घोषित था।

बताया गया कि साल 2007 में पारिवारिक रंजिश के चलते दोनों ने साथियों के साथ मिलकर अमरजीत सिंह पर लकड़ी के पट्टे और लोहे की पाइप से जानलेवा हमला किया था। जमानत पर छूटने के बाद दोनों फरार हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक इकबाल पर पहले से 15 और भूपेंद्र पर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *