दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने पूर्वी जिले में दो पुलिस बूथों का किया उद्घाटन, महिला सुरक्षा को मिली नई ताकत

नई दिल्ली, 23 नवंबर। पूर्वी जिले में सार्वजनिक सुरक्षा, दृश्यमान पुलिसिंग और महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था जोन-1) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने सोमवार को दो पुलिस बूथों का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) मिलिंद महादेव डुंबरे, डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार, डीसीपी उत्तर-पूर्व जिला राहुल अलवाल, डीसीपी शाहदरा जिला राजेंद्र प्रसाद मीणा और अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय पूर्वी जिला विपुल अनेकांत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

छिल्ला बॉर्डर पर पुलिस बूथ का उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत छिल्ला बॉर्डर पर नवनिर्मित पुलिस बूथ के उद्घाटन से हुई। विशेष सीपी ने फीता काटकर बूथ का उद्घाटन किया। यह बूथ महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय सीमा बिंदु पर दृश्यमान पुलिस उपस्थिति बढ़ाने, बीट गश्त मजबूत करने और जनता को पुलिस सहायता सुलभ कराने के लिए स्थापित किया गया है।

उद्घाटन के बाद विशेष सीपी ने स्कूली छात्रों, आरडब्ल्यूए/एमडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, पुलिस मित्रों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने अपराध रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सामुदायिक भागीदारी और पुलिस-जनता समन्वय के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने जांच व अपराधों के खुलासे में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पूर्वी जिला पुलिस की टीमों को सम्मानित भी किया।

शहीद राजगुरु कॉलेज में पिंक पुलिस बूथ
इसके बाद विशेष सीपी शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज फॉर वूमेन पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं और आसपास की महिलाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन किया।

इस दौरान उन्होंने फैकल्टी सदस्यों, छात्राओं, आरडब्ल्यूए/एमडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और थाना न्यू अशोक नगर से जुड़े पुलिस मित्रों से बातचीत की और महिलाओं व लड़कियों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने, बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
विशेष सीपी ने पिंक पुलिस बूथों को और प्रभावी बनाने के लिए अहम निर्देश दिए –

  • बूथों पर निर्भीक शिकायत पेटियां लगाई जाएं।
  • शिकायत दर्ज करने के लिए क्यूआर कोड प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं।
  • पिंक पुलिस बूथों से पिंक स्कूटी जोड़ी जाएं, ताकि महिला-केंद्रित गश्त और त्वरित पुलिस response सुनिश्चित हो सके।
  • कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, बाजारों और महिलाओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए।
  • छात्रों, फैकल्टी, आरडब्ल्यूए/एमडब्ल्यूए और पुलिस मित्रों से नियमित संवाद रखा जाए।
    विशेष सीपी ने कहा कि महिला सुरक्षा, सुलभ पुलिसिंग और जनता का विश्वास पुलिस की कार्यप्रणाली के केंद्र में रहना चाहिए। पुलिस बूथ केवल भौतिक ढांचे नहीं, बल्कि जन सहायता, शिकायत निवारण और सामुदायिक जुड़ाव के सक्रिय केंद्र के रूप में काम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *