28 साल पुराना मर्डर केस सुलझा, फरार आरोपी अयोध्या से गिरफ्तार

नई दिल्ली, 23 नवंबर। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी रामू को अयोध्या, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 1998 में सुल्तानपुरी इलाके में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में वांछित था।

एआरएससी, क्राइम ब्रांच की टीम ने इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम को एसीपी विवेकानंद पाठक का पर्यवेक्षण प्राप्त था। आरोपी को 21 नवंबर को अयोध्या से पकड़ा गया।

मामला 13 मार्च 1998 का है। बुद्ध विहार, सुल्तानपुरी में एक झुग्गी में 22 वर्षीय मोहित का शव मिला था। मोहित मधुबनी, बिहार का रहने वाला था। उसके गले पर रस्सी के निशान थे। पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इस पर थाना सुल्तानपुरी में एफआईआर नंबर 276/1998, धारा 302 आईपीसी के तहत केस दर्ज हुआ।

जांच में आरोपी की पहचान रामू पुत्र जग प्रसाद के रूप में हुई। उस समय उसकी उम्र करीब 26 साल थी। वह मृतक के साथ ही बुद्ध विहार में कोयले की दुकान पर काम करता था। दोनों के बीच झगड़े को हत्या की वजह बताया गया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी करीब 28 साल तक एक राज्य से दूसरे राज्य भागता रहा। वह करीब 9 साल मुंबई, 12 साल पंजाब और 7 साल बिहार में मजदूरी करता रहा। बाद में अयोध्या में बस गया। पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी वह नहीं पकड़ा गया, जिसके बाद 24 जनवरी 2000 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

क्राइम ब्रांच को हेड कांस्टेबल मिंटू यादव के जरिए इस पुराने केस की सूचना मिली। सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान थी, क्योंकि पुलिस रिकॉर्ड में उसकी कोई फोटो नहीं थी। इसके बाद एसआई गुरमीत सिंह, हेड कांस्टेबल मिंटू यादव और हेड कांस्टेबल सवाई की टीम ने अयोध्या से उसे दबोच लिया।

आरोपी का जन्म 1972 में जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश में हुआ था। वह रोजगार की तलाश में दिल्ली आया था। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *