नई दिल्ली, 23 नवंबर। जामा मस्जिद थाना परिसर में आज दोपहर करीब 2:30 बजे एक युवक ने चाकू से हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। बाद में चितली कबर इलाके में हुई मुठभेड़ में चार और पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैरों में 6 गोलियां लगीं। इस घटना में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी नबील (करीब 30 वर्ष), निवासी काला महल, जामा मस्जिद को उसकी मां और बहन की शिकायत पर थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। शिकायत में आरोप था कि वह उन्हें परेशान करता है। थाने में पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर स्टाफ पर हमला कर दिया।
हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। सभी पांचों घायलों को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद आरोपी थाने से भाग गया और भागने के लिए एक आम व्यक्ति से स्कूटी छीन ली। सूचना पर एएटीएस और स्पेशल स्टाफ, मध्य जिला की संयुक्त टीम ने पीछा किया और आरोपी को चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कबर में ट्रेस कर लिया।
शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने फिर चाकू से हमला कर दिया। इसमें स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए। चारों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गंभीर खतरे के बावजूद पुलिसकर्मियों ने अत्यंत संयम और पेशेवर अंदाज दिखाया। नियंत्रित फायरिंग की गई, जिसमें सभी गोली कमर से नीचे चलाई गईं। कुल 8 राउंड फायर किए गए, जिनमें से 6 गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का वर्ष 2022 में थाना दरियागंज में धारा 324 आईपीसी के तहत एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। थाना जामा मस्जिद और थाना चांदनी महल में संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए जा रहे हैं। आगे की जांच जारी है।