नई दिल्ली, 21 अगस्त।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NDR) ने मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोहतक निवासी समीर (19) और उसके एक नाबालिग साथी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों बक्करवाला इलाके में एक डॉक्टर की हत्या करने जा रहे थे। क्राइम ब्रांच को 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ के शूटर काली थार में दिल्ली आए हैं। सूचना पर UER-2, रणहोला नाला रोड, बक्करवाला पर घेराबंदी की गई।
गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे काली थार को रोकने का इशारा किया गया तो आरोपी भागने लगे। थार एक पिक-अप वैन से टकरा गई। इसके बाद दोनों पिस्टल लेकर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस ने मौके से 2 अवैध ग्लॉक पिस्टल (Glock 19 Gen4 और Glock 17 Gen5), 19 जिंदा कारतूस, खाली खोल, एक मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल काली महिंद्रा थार बरामद की है। इस संबंध में PS क्राइम ब्रांच में FIR No. 207/26 दर्ज की गई है।
पूछताछ में समीर ने बताया कि उसे Signal ऐप पर हिमांशु रितौलिया उर्फ भाऊ ने डॉक्टर की हत्या की सुपारी दी थी। डॉक्टर ने कथित तौर पर रंगदारी नहीं दी थी। 20 अगस्त को कुंडली-मानेसर बॉर्डर के पास से कैश और बहादुरगढ़ बायपास से हथियार लिए थे।
ACP उमेश बर्थवाल और DCP चंद्र कुमार सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर रामपाल की टीम ने यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस CIA-II रोहतक के साथ मिलकर की। पुलिस गैंग के नेटवर्क और हथियार सप्लायर की तलाश कर रही है।