दिल्ली में बेरोजगारों से ठगी का भंडाफोड़, शादिपुर में दो फर्जी कॉल सेंटर पर छापा; 11 पकड़े

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2026: मध्य जिला पुलिस ने बेरोजगार युवाओं से नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो फर्जी जॉब प्लेसमेंट कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने शादिपुर मेट्रो स्टेशन के पास लाल रतन बिल्डिंग, रंजीत नगर में चल रहे इन दोनों सेंटरों पर 03 अक्टूबर को छापा मारकर 11 लोगों को पकड़ा। इनमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं।


आरोपी Shine.com जैसी जॉब वेबसाइटों से बेरोजगार युवाओं का डेटा चुराते थे। फिर खुद को बड़ी कंपनी का रिक्रूटर बताकर फोन करते और आकर्षक नौकरी का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के बाद 1200, 1400 और 3500 रुपये तक रजिस्ट्रेशन/प्रोसेसिंग फीस के नाम पर वसूलते थे। पैसा मिलने के बाद कुछ दिन तक टरकाते और फिर फोन बंद कर देते थे।

एक सेंटर में आरोपी XLite VoIP सॉफ्टवेयर से इंटरनेट कॉल कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों जगहों से 13 कंप्यूटर सिस्टम, 5 मोबाइल फोन, कॉलिंग सॉफ्टवेयर, जॉब सीकर्स का डेटा और बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल सबूत जब्त किए हैं।

पुलिस ने थाना रंजीत नगर में BNS की धारा 319(2)/318(4)/3(5) के तहत केस दर्ज कर मास्टरमाइंड की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील: नौकरी के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस मांगने वाले किसी भी कॉल पर भरोसा न करें। कंपनी की पहले जांच करें। साइबर ठगी की शिकायत 1930 या www.cybercrime.gov.in पर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *