दिल्ली से बड़ी खबर:”भागते स्नैचर, दौड़ती पुलिस” – सुभाष प्लेस में 4 बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 सितंबर 2026

उत्तर-पश्चिम जिले की सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 शातिर स्नैचर-कम-ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर 8 मामलों का खुलासा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्यांशु उर्फ गट्टू (20), इंदर उर्फ ईशू (20), भविष्य उर्फ हिमांशु (19) और शोएब उर्फ ट्रिगर (23) के रूप में हुई है। चारों शकूरपुर के रहने वाले हैं।


पुलिस ने इनके पास से 5 चोरी की दोपहिया वाहन (2 बाइक, 3 स्कूटी), 3 मोबाइल फोन और शिकायतकर्ता के आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड बरामद किया है।


बीते 12 सितंबर को ब्रिटानिया चौक बस स्टैंड के पास दलवीर नाम के ट्रक ड्राइवर से मोबाइल झपट लिया गया था। मोबाइल कवर में 5 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज भी थे। केस दर्ज होते ही SHO तेजपाल सिंह और ACP सृष्टि भट्ट की देखरेख में SI राजेश कुमार की टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से चारों को दबोच लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दिव्यांशु और भविष्य पहले भी सुभाष प्लेस थाने के दो लूट के मामलों में शामिल रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक-स्कूटी राज पार्क, पंजाबी बाग, रानी बाग, केशव पुरम और सुभाष प्लेस इलाके से चोरी की गई थीं।
मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *