कुछ ही घंटों में सुलझाया जेबकतरी का मामला, सेना के जवान को बनाया था निशाना
नई दिल्ली। मध्य जिला के नबी करीम थाना पुलिस ने एक शातिर आदतन जेबकतरे को गिरफ्तार कर जेबकतरी की वारदात का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया। आरोपी पहाड़गंज इलाके में पैदल यात्रियों और पर्यटकों को टक्कर मारकर उनका ध्यान भटकाकर जेब काटने की वारदात को अंजाम देता था।
घटना का विवरण:
दिनांक 05.08.2026 को रात करीब 08:15 बजे 24 वर्षीय एक युवक ने थाना नबी करीम में शिकायत दी कि डीबीजी रोड, पहाड़गंज पर अमन गेस्ट हाउस के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर उसे टक्कर मारी और उसकी पैंट की जेब से कॉम्बैट बैग (आर्मी पाउच) चोरी कर फरार हो गया।
शिकायतकर्ता भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। वह छुट्टी पर दिल्ली आया था और पहाड़गंज के एक होटल में ठहरा हुआ था। चोरी हुए बैग में उसका आर्मी पहचान पत्र, छुट्टी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और 8,000 रुपये नकद थे।
शिकायत पर थाना नबी करीम में FIR No. 365/2026 दिनांक 06.08.2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गुलशन नागपाल SHO नबी करीम के नेतृत्व और ACP पहाड़गंज के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें HC संदीप, HC एम.पी. सिंह और Ct. संजय शामिल थे।
टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी साफ तौर पर शिकायतकर्ता को टक्कर मारकर चोरी करता हुआ दिखाई दिया। फुटेज को इलाके के एक विश्वसनीय सूत्र को दिखाया गया, जिसने आरोपी की पहचान शिवम उर्फ अभिषेक निवासी मुल्तानी ढांडा, नबी करीम, दिल्ली के रूप में की।
सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा। शिकायतकर्ता भी टीम के साथ था, जिसने आरोपी की सही पहचान की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर एक कॉम्बैट बैग (आर्मी पाउच),शिकायतकर्ता का आधार कार्ड बरामद हुआ है। बाकी सामान – 8,000 रुपये नकद, आर्मी आईडी कार्ड और लीव सर्टिफिकेट की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शिवम उर्फ अभिषेक एक शातिर आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों – दरियागंज, आईपी एस्टेट, करोल बाग, पटेल नगर, राजिंदर नगर, मंदिर मार्ग, जनकपुरी, कीर्ति नगर, तिलक नगर, सदर बाजार सहित कई थानों में चोरी, जेबकतरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के 80 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।