नई दिल्ली, 08 अक्टूबर 2026
नॉर्थ-ईस्ट जिले के थाना वेलकम पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर की रात करीब 9:15 बजे हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल विनोद गश्त पर थे। जब वे हबीब चौक, जनता मजदूर कॉलोनी, वेलकम में मकान नं. E-49/D-163 के सामने पहुंचे तो सड़क पर एक स्कूटी पर तीन युवक बैठे दिखे। पुलिस ने उन्हें चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया तो तीनों घबराकर स्कूटी छोड़कर जनता कॉलोनी की संकरी गलियों की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। तलाशी लेने पर पकड़े गए युवक की कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। जांच में कट्टा खाली मिला।
आरोपी की पहचान अरमान (22 वर्ष) पुत्र माजिद, निवासी सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना वेलकम में FIR No. 572/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हथियार के स्रोत के बारे में जानकारी दी है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। फरार साथियों की तलाश जारी है।
आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है।