नई दिल्ली, 22 अगस्त 2026
दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजौरी गार्डन थाने में NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त की रात को सूचना मिली थी कि राजौरी गार्डन इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। इस पर इंस्पेक्टर राजेश मौर्य और एसीपी ऑपरेशन राजेश कुमार की देखरेख में SI संजीत राणा, SI नरेश, ASI कप्तान, ASI मनोज त्यागी, HC देवेंद्र और सिपाही गुरमीत की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को टैगोर गार्डन से पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 4 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपू (34), निवासी रघुबीर नगर, राजौरी गार्डन के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि कोविड से पहले वह मीट बेचने का काम करता था, काम छूटने के बाद नशा तस्करी शुरू कर दी। वह बिहार निवासी सावन नामक व्यक्ति से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पहले भी NDPS के एक मामले में शामिल रहा है और जून 2026 में ही जेल से रिहा हुआ था। पुलिस अब उसके सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।